•3052 मतों के साथ सबसे आगे, रंजना सिंह यादव को 2314 वोट; 738 मतों का अंतर
•पुरुष उपाध्यक्ष पद पर शक्ति सिंह 1270 मत लेकर आगे, 7527 मतपत्रों की गिनती पूरी
प्रयागराज। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, इलाहाबाद (एचसीबीए) के वार्षिक चुनाव सत्र 2026-27 की मतगणना बुधवार को भी जारी रही। महिला उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए हो रही मतगणना में अन्नपूर्णा सिंह चंदेल 3052 मतों के साथ सबसे आगे चल रही हैं। दूसरे स्थान पर रंजना सिंह यादव को 2314 मत मिले हैं। दोनों के बीच 738 मतों का अंतर है।
बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मंजू कुमारी (मंजू पांडेय महक) को 2162, रीमा गुप्ता को 1589, हया रिजवी को 1519 और राखी कुमारी को 1142 मत मिले हैं। महिला उपाध्यक्ष पद पर 54 मत अमान्य और 560 मत ब्लैंक रहे।
मंगलवार की मतगणना में अन्नपूर्णा सिंह चंदेल को 2451 मत मिले थे। बुधवार को उन्हें 601 नए मत मिले। वहीं रंजना सिंह यादव के मत 1847 से बढ़कर 2314 हो गए। इस तरह दोनों के बीच अंतर 604 से बढ़कर 738 मत हो गया।
शक्ति सिंह पुरुष उपाध्यक्ष में आगे
पुरुष उपाध्यक्ष के चार पदों के लिए 50 प्रत्याशी मैदान में हैं। बुधवार के आंकड़ों में शक्ति सिंह 1270 मत लेकर पहले स्थान पर हैं। आशुतोष पांडेय को 1026, जितेंद्र सिंह को 891, अवनीश कुमार श्रीवास्तव को 865, कमलेश रतन यादव को 860 और अशोक कुमार गुप्ता को 848 मत मिले हैं। परवेज इकबाल अंसारी को 839, त्रिपुरारी पाल को 829, विनोद कुमार यादव को 815 और अमित कुमार को 741 मत मिले हैं।
अब तक 7527 मतपत्रों की गिनती दर्ज की गई है। पुरुष उपाध्यक्ष पद पर 395 मत अमान्य और 81 मत ब्लैंक रहे। मतगणना विभिन्न पदों के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी है।
अन्नपूर्णा सिंह चंदेल का अधिवक्ता परिवार से नाता
ग्राम अछार, जनपद मऊ निवासी श्री रविन्द्र कुमार सिंह की पुत्री अन्नपूर्णा सिंह चंदेल वर्तमान में उच्च न्यायालय इलाहाबाद में भारत सरकार की स्थायी अधिवक्ता एवं मध्यस्थ हैं। उन्होंने कुशीनगर और गोरखपुर में शिक्षा प्राप्त की तथा दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की है। वह पूर्व गवर्निंग काउंसिल सदस्य भी रह चुकी हैं। वर्तमान में वह अखिल भारतीय हिंदू महासभा के विधि प्रकोष्ठ (महिला) की प्रदेश अध्यक्षा हैं।
उनके पति श्री स्वतंत्र प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में अधिशासी अधिकारी (ईओ), नगर पंचायत बदलापुर, जनपद जौनपुर के पद पर कार्यरत हैं। उनके छोटे भाई मृत्युंजय सिंह चंदेल उच्च न्यायालय इलाहाबाद में अधिवक्ता हैं, जबकि सबसे छोटे भाई डॉ. पुरंजय कुमार सिंह चंदेल आजमगढ़ स्थित गांधी शताब्दी स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य हैं।
अन्नपूर्णा सिंह चंदेल ने वर्ष 2026 में पहली बार बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश का चुनाव लड़ा। 333 प्रत्याशियों के बीच हुए चुनाव में वह 105वें स्थान तक पहुंचीं। यह उनका पहला बार काउंसिल चुनाव था। वर्तमान में वह एचसीबीए चुनाव में उपाध्यक्ष (महिला) पद की प्रत्याशी हैं।


