रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी ने अपने स्वजनों और समाज के बीच पार्टी को मजबूत करने के लिए गुर्जर समाज के नेताओं को सक्रिय कर दिया है। इसी क्रम में बुलंदशहर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश गुर्जर को मथुरा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिम्मेदारी मिलने के बाद दिनेश गुर्जर ने मथुरा जिले का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर समाज के लोगों से मुलाकात की और समाजवादी पार्टी के पक्ष में सहयोग एवं समर्थन की अपील की।
उन्होंने गांव जिरौली, लुहारा, धर्मपुरा, भैंसा, अडूकी सहित करीब आधा दर्जन गांवों का भ्रमण किया। दिनेश गुर्जर ने कहा कि वह मथुरा जिले के प्रत्येक गांव में लोगों के बीच पहुंचकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि समाज के बीच उन्हें पार्टी के लिए पूर्ण समर्थन और सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष लखन गुर्जर राँकोली, विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र सिकरवार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


