•नवरात्र से पहले भी सफाई व्यवस्था बदहाल, मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी
मिश्रिख। नगर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों की उदासीनता से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कई मोहल्लों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। नवरात्र शुरू होने में कुछ ही दिन शेष हैं, इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से विशेष सफाई अभियान शुरू नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर गंदा पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए जाने वाली महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की ओर से सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। कई स्थानों पर नियमित सफाई नहीं होने के साथ ही दवा का छिड़काव भी नहीं कराया गया है। नवरात्र जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व से पहले नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से लोगों में रोष है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नालियों की सफाई, जलभराव की समस्या दूर करने, कूड़ा उठवाने तथा मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।
लोगों ने जिलाधिकारी से नगर की सफाई व्यवस्था की जांच कराने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।


