•पंडित रामगोपाल शर्मा बोले—ब्राह्मण समाज नौकरी पाने के बजाय रोजगार देने वाला बने
मथुरा। शेरगढ़ में ब्राह्मण सेवा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार देर शाम कस्बे में भगवान श्री परशुराम जी की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता की झलक दिखाई दी। विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया।
शोभायात्रा श्री गोपीनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर होली चौक होते हुए मुख्य बाजार पहुँची। यहाँ अग्रवाल समाज के लोगों ने तथा थाना मार्ग पर अनुसूचित जाति के लोगों ने स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा पटेल चौक और कोसी मार्ग से होती हुई श्री परशुराम जी मंदिर, गोकुंड आश्रम पहुँची, जहाँ सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए भगवान परशुराम शोध यात्रा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज को बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में आगे आना चाहिए। समाज के लोग केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने भगवान परशुराम जी की प्रतिमा चौराहे के बजाय मंदिर में स्थापित करने की बात भी कही।
उन्होंने बताया कि शेरगढ़ में श्रीरामलीला महोत्सव के दौरान पिछले 42 वर्षों से भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा निकालने की परंपरा चली आ रही है। कार्यक्रम में रागनी का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा, श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र दीक्षित, राजा अजय शर्मा, लाला आशीष शर्मा, ललित स्वामी और अभिषेक सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन हरिश्चंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज शेरगढ़ के अध्यक्ष हरीश तिवारी, भानु उपाध्याय, विकास उपाध्याय, मनोज शर्मा, अनिल तिवारी, रिंकू तिवारी, मुरारी लाल तिवारी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


