👉 अधिकारीगण संदर्भाे के निस्तारण के उपरान्त आवेदक द्वारा दिये गये फीडबैक की करे समीक्षा-एडीएम।
👉 लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व संग्रह सुनिश्चित किया जाय-एडीएम।
संत कबीर नगर। अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर रैकिंग एवं प्रगति के आधार पर आई0जी0आर0एस0, कर-करेत्तर एवं राजस्व विभाग के कार्यो/योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी द्वारा आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर मुख्यमंत्री संदर्भ, आयुक्त संदर्भ, जिलाधिकारी संदर्भ, तहसील दिवस संदर्भ सहित अन्य संदर्भों एवं लम्बित शिकायतों/प्रकरणों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
उन्होंने कहा कि अधिकारीगण आइ0जी0आर0एस0 पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि संदर्भ से संबंधित अधिकारी/कर्मचारी यदि मौके का निरीक्षण/भ्रमण करने की आवश्यकता हो तो मौके पर जाकर ही मामले का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि ज्यादा संख्या में शिकायतकर्ता की असंतुष्टि का फीडबैक यह दर्शाता है की शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का अभाव है और निस्तारण के समय शिकायतकर्ता का पक्ष नहीं लिया गया अथवा शिकायतकर्ता से संपर्क नहीं किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने आवेदक/शिकायतकर्ता द्वारा प्रकरणों के निस्तारण पर दिये गये फीडबैक की विभागवार समीक्षा करते हुए समस्त सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निस्तारण के बाद आवेदक के संतुष्टि/असंतुष्टि की समीक्षा अवश्य की जाए और यदि आवेदक का फीडबैक असंतुष्टि का है तो कारणों की जांच कर ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि संदर्भों के निस्तारण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखें जिससे संतुष्टि का फीडबैक बेहतर मिले।
समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारीगणों को निर्देशित किया कि उनके विभाग से संबंधित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति पर विशेष ध्यान दें, जिससे सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग अच्छी बनी रहे।
अपर जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के माध्यम से राजस्व संग्रह/कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान आबकारी, व्यापार कर, परिवहन, स्टाम्प शुल्क, विद्युत देयों की वसूली, वन विभाग, सिंचाई एवं नलकूप, नगर निकायों में राजस्व संग्रह की स्थिति, खनन, मण्डी समिति, बांट माप, खाद्य एवं सुरक्षा सहित अन्य राजस्व संग्रह से सम्बन्धित विभागों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व देयों की वसूली की विस्तृत समीक्षा की गयी। उन्होंने लक्षित राजस्व देयों की वसूली में सुधार लाते हुये समय सीमा के अन्दर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, तहसीलदार खलीलाबाद अनुराग यादव, तहसीलदार धनघटा प्रतिमा मौर्या, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त सतीश कुमार, एआईजी स्टांप, उपायुक्त राज्य कर, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, अधिशाषी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार, मंडी सचिव, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 एस0के0 तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चन्द्र, जिला बांट-माप अधिकारी वीपी वर्मा, ईडीएम राकेश कुमार सिंह, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका अवधेश भारती, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण सहित राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


