•प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में रहेगा अवकाश, डीआईओएस और बीएसए ने जारी किया संयुक्त आदेश।
विजय दूत (मयंक त्रिपाठी)
औरैया। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के आयोजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने 30 अक्टूबर को जनपद के सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश पाण्डेय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने संयुक्त कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 30 अक्टूबर को जनपद में दो पालियों में पीईटी की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारु आयोजन को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी बोर्डों के प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में भी 30 अक्टूबर को अवकाश रहेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश पांडे और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इस निर्णय से जिले के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में शुक्रवार को नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं होगा।


