रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन के प्रवर्तन दल ने बीते शुक्रवार को शहर में अस्थायी अतिक्रमण और प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ अभियान चलाया।
प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल आरके सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर की मौजूदगी में टीम ने टैंक चौराहा से अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान स्टेट बैंक चौराहा, रेलवे मेला ग्राउंड, धोली प्याऊ तिराहा, धोली प्याऊ मार्केट होते हुए रेलवे फाटक तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और ठेले-खोमचे वालों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। टीम ने मौके से अतिक्रमण में इस्तेमाल किए जा रहे सामान को जब्त किया। साथ ही पॉलीथीन के इस्तेमाल और अतिक्रमण के मामले में कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जब्त सामान में 20 ठकेल, 5 बोर्ड, 2 बेंच और 3 बांस सहित अन्य सामान शामिल है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


