मथुरा। बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने जनपद के परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं और शिक्षामित्रों को बड़ी राहत दी है। BSA ने आदेश जारी कर कहा है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्पेशल TET) 2026 में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षामित्र शामिल हो सकेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बताया कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की इस परीक्षा में शामिल होने के लिए शिक्षकों और शिक्षामित्रों द्वारा कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिए गए थे। उन्हीं आवेदनों के आधार पर उन्हें कुछ शर्तों के साथ परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई है।
BSA रतन कीर्ति ने स्पष्ट किया है कि संबंधित शिक्षक, शिक्षिका या शिक्षामित्र विद्यालय अवधि में विशेष TET की तैयारी नहीं करेंगे और उन्हें इसके लिए कोई विशेष अवकाश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा के कारण विद्यालय के कार्यों में किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। यदि परीक्षा में शामिल होने से विद्यालय का कार्य प्रभावित होता है तो दी गई अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।


