•महंगाई, भ्रष्टाचार और देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले- जनता आगामी चुनाव में देगी जवाब।
केके मिश्रा संवाददाता।
संतकबीरनगर। वरिष्ठ समाजवादी नेता रोहित पांडे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में लोकतंत्र बचाने का नारा लगाने वाले वही लोग हैं, जिनके शासन में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार में बैठे लोग ही लोकतंत्र बचाओ के बैनर लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं। महंगाई चरम पर है, भ्रष्टाचार का बोलबाला है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
गुरुवार को एक निजी होटल सोनी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान रोहित पांडे ने आगामी दीपावली, धनतेरस और छठ पर्व की जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2014 में सुशासन और बेहतर व्यवस्था का वादा करके सत्ता में आई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है। आज महंगाई से हर वर्ग परेशान है। त्योहारों की खुशियां भी महंगाई के कारण फीकी पड़ रही हैं। आम आदमी अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाता है तो उसकी सुनवाई नहीं होती और कई मामलों में नौकरशाही हावी हो जाती है।
उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर चीनी सैनिकों की कथित घुसपैठ को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा क्षेत्र में चीनी सैनिकों की गतिविधियों के बावजूद सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। सरकार की ओर से देश की सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित बताया जाता है, जबकि जमीनी हकीकत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कुंभकर्णी नींद में सो रही है और जनता को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता करनी पड़ रही है।
रोहित पांडे ने कहा कि केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद लोकतंत्र के विभिन्न संस्थानों की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सरकार के अधीन सभी व्यवस्थाओं पर राजनीतिक प्रभाव बढ़ने से आम जनता का भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब चोर ही न्यायाधीश बन जाए तो न्याय की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ता जनसमस्याओं को लगातार उठा रहे हैं और जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन सरकार इन समस्याओं को सुनने के बजाय अनदेखा कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी और समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। जनता अब मौजूदा व्यवस्था से ऊब चुकी है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब अपने मताधिकार से जरूर देगी।


