•पानी लेने निकले थे घर से, छूते ही करंट की चपेट में आए, परिवार में मचा कोहराम।
सुलतानपुर। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव में रविवार सुबह बिजली के खंभे को सहारा देने वाली स्टे रॉड में उतरे करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बिरसिंहपुर निवासी मलहु धुरिया (50) पुत्र सगरदीन रविवार सुबह करीब 7.30 बजे पानी लेने के लिए घर से निकले थे। बताया जाता है कि बिजली के खंभे की स्टे रॉड में करंट उतर रहा था। मलहु ने जैसे ही रॉड को छुआ, वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें बिरसिंहपुर स्थित 100 बेड अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मलहु धुरिया पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के बिरसिंहपुर अंडरपास के नीचे चाय की टपरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे महेंद्र, शैलेंद्र और जितेंद्र हैं। महेंद्र और शैलेंद्र विवाहित हैं, जबकि जितेंद्र अभी अविवाहित है। पति की मौत के बाद पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलने पर जयसिंहपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। बिजली के खंभे की स्टे रॉड में करंट उतरने से हुई मौत के बाद ग्रामीणों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।


