•रामबाग स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में किया दर्शन-पूजन, जन्मदिन पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ स्वस्तिवाचन।
प्रयागराज। सोमवार को दिल्ली से प्रयागराज पहुंचने पर अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय संयोजक एवं प्रभारी एडवोकेट अनिल कुमार शर्मा ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ रामबाग स्थित दक्षिणमुखी हनुमान जी महाराज मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने सनातन धर्म की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण के साथ संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रदेश सचिव महिला मोर्चा उत्तर प्रदेश अंजनी विश्वकर्मा के जन्मदिन के अवसर पर मंदिर के पुजारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने स्वस्तिवाचन किया। इस दौरान उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक एवं प्रभारी एडवोकेट अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि सनातन धर्म केवल हमारी आस्था ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों का आधार है। इसके संरक्षण, संवर्धन और उत्थान के लिए सभी को मिलकर सकारात्मक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना तथा समाज में एकता और समरसता की भावना को मजबूत करना है। इसके लिए संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी को समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने संगठन के विस्तार पर चर्चा करते हुए कहा कि जन-जन तक संगठन की विचारधारा पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है। बैठक में जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मुख्य मोर्चा प्रयागराज राकेश सिंह, प्रदेश सचिव महिला मोर्चा उत्तर प्रदेश अंजनी विश्वकर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा महेश कुमार केसरवानी सपरिवार, पंडित दिव्यांश द्विवेदी, पंडित सुमित शुक्ला, पंडित विवेक पाठक और पंडित कृष्ण पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
धार्मिक अनुष्ठान एवं आपसी संवाद के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान सनातन धर्म के उत्थान, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संगठन के विस्तार के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने पर बल दिया गया।


