रिपोर्ट: अभिनव अग्रवाल।
नजीबाबाद। नगर के मोहल्ला मकबरा स्थित गीता भवन मंदिर के पास आयोजित गणेश महोत्सव में प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में पहुंचकर भगवान गणपति की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
गणेश विसर्जन एवं अनंत चतुर्दशी की पूर्व संध्या पर स्थानीय युवाओं की ओर से भगवान गणपति को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर पंडाल में आकर्षक झांकियां सजाई गईं।
झांकियों में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को श्रद्धालुओं की ओर से पुरस्कृत भी किया गया।
श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश से अपने एवं अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पंडाल परिसर भगवान गणेश के जयकारों से गूंजता रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर युवाओं द्वारा मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके पश्चात विधि-विधान से भगवान गणपति को विदाई दी गई। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ भगवान गणेश से अगले वर्ष पुनः पधारने की प्रार्थना की।


