•यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के काटे चालान।
मथुरा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए मथुरा पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग का अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर थाना गोविंदनगर पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में डीग गेट चौकी प्रभारी मयंक वत्स ने पुलिस टीम के साथ कृष्ण जन्मभूमि के पीछे स्थित पोतरा कुंड फ्लाईओवर पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों और यातायात नियमों का पालन किए जाने की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।


