•व्हाइट कोट से सम्मानित मेडीकल छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिले
•कुलपति ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों से नशे जैसी आदतों से दूर रहने की दी सलाह
•प्रति कुलपति ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दिलाई चरक शपथ
•दया, संवेदना और सेवा का प्रतीक है सफेद कोट: प्रधानाचार्या
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। केएम विश्वविद्यालय के लेक्चर थिएटर तृतीय में मंगलवार को एमबीबीएस बैच 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मेडिकल क्लास की पहली सीढ़ी पर कदम रखने वाले भावी चिकित्सकों को व्हाइट कोट पहनाकर सम्मानित किया गया, जिसे पाकर सभी छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एन.सी. प्रजापति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर्स बनने का जो सपना आपने देखा था, उसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों के लिए अपने लक्ष्य को निर्धारित कर एकाग्रता के साथ कार्य करने वाले ही सफल चिकित्सक बनते हैं। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी आदतों से दूर रहने की भी सलाह दी।
प्रति कुलपति डॉ. शरद अग्रवाल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को चरक शपथ दिलाई तथा रोगियों के प्रति संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ चिकित्सा सेवा करने का संकल्प दिलाया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह ने अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया और विद्यार्थियों को अपनी प्रोफेशनल लाइफ की शुरुआत एक सुनियोजित दैनिक योजना (डेली प्लान) के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
मेडिकल कॉलेज की डायरेक्टर एवं प्रधानाचार्या डॉ. रेनू शेरावत ने कहा कि सफेद कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि दया, संवेदना, मानवता और सेवा का प्रतीक है। इसे धारण करने के साथ ही चिकित्सकों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
केएम अस्पताल के एडीशनल मेडीकल सुप्रीटेंट डॉ. नमित गौतम ने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और करुणा को जीवन में सर्वाेच्च स्थान देने का आह्वान किया।
केएम अस्पताल के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. आर.के. गुप्ता ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में सहपाठियों के साथ सकारात्मक प्रतिस्पर्धा करते हुए एक बेहतरीन डॉक्टर बना जा सकता है। एक चिकित्सक के लिए मरीज की संतुष्टि और उसकी मुस्कान ही सबसे बड़ा पुरस्कार है।
मंच का संचालन 2023 बैच की छात्रा मानसी और छात्र आदित्या ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में फार्माकोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुनीता जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डिप्टी रजिस्ट्रार सुनील अग्रवाल, असिस्टेंट रजिस्ट्रार दीपक माथुर, डॉ. एम.के. तनेजा, डॉ. विकास सक्सेना, मेजर प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार, डॉ. तारिख वली, डॉ. सुनीता रानी, डॉ. प्रियंका चौहान, डॉ. नीतिका जाकर, डॉ. प्रतीक गनवीर, डॉ. रामनरेश यादव, डॉ. अभिनव, डॉ. अभिषेक और दीपक सहित तमाम चिकित्सा शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।


