मथुरा। ब्रज-रज उत्सव 2026 मथुरा में उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा स्वदेशी खादी उत्पादों की उपलब्धता हेतु वृहद स्तर पर व्यवस्था की गई है। विभाग द्वारा 10 खादी की स्टॉल के माध्यम से खादी के परम्परागत उत्पादों के साथ ही खादी के आधुनिक फैशन डिजाइन के अनुरुप विकसित उत्पादों की बिक्री की जा रही है। खादी की स्टॉलों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में आम जन मानस से खादी का कम से कम एक उत्पाद उपयोग करने की अपील का स्पष्ट असर दिखाई दे रहा है।
खादी न केवल हमारी विरासत एवं परम्पराओं से जुड़ा हुआ वस्त्र है, बल्कि स्वदेशी, आत्मनिर्भरता एवं पर्यावरण अनुकूलता का प्रतीक है। खादी के 100 प्रतिशत हस्त निर्मित गुणवत्ता के कारण इसकी न केवल देश में व विदेशों में भी भारी मांग है। ब्रजरज उत्सव में खादी संस्थाओं द्वारा लगाई गई स्टालों की बिक्री से सभी खादी की संस्थाएं बहुत प्रफुल्लित है।
विभाग द्वारा ग्रामोद्योगी उत्पादों की भी 10 स्टॉल उद्यमियों को आवंटित कराई गई है, जिसके माध्यम से हस्त निर्मित ज्वैलरी, मिट्टी से बने प्रोडेक्ट, हर्बल उत्पाद, ऑर्गेनिक गुड़, अगरबत्ती आदि की दुकानें ब्रज-रज उत्सव में शोभा का केन्द्र बनी हुई है।


