मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र के सौंख रोड स्थित राजपूत नर्सिंग होम में डिलीवरी के बाद 28 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और डायल 112 पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, स्वनम पुत्री जाकिर, उम्र 28 वर्ष, को परिजनों ने 25 अक्टूबर को डिलीवरी के लिए राजपूत नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, 26 अक्टूबर की सुबह महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद महिला को पेशाब नहीं आने और पेट फूलने जैसी परेशानी होने लगी। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
महिला की हालत खराब होने पर परिजन घबरा गए। परिवार के सदस्यों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी और मामले में शिकायत की।
परिजनों के अनुसार, महिला को आगे के इलाज के लिए कैडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। महिला के भाई कासिम ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने गलत ऑपरेशन किया, जिसके बाद उसकी बहन की तबीयत बिगड़ी। उन्होंने अपनी बहन के उचित इलाज और जल्द स्वस्थ होने की मांग की है।
~ कासिम


