रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार की शाम खुनियांव क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। क्षेत्र के ऊंचडीह चौराहा, धोबहा, बहादुरपुर, लटेरा, गिरधरपुर, देवभरिया, मिर्जापुर, गौरा बाजार, बल्लीजोत, खुनियांव और रगड़गंज सहित विभिन्न स्थानों पर स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में विधि-विधान से मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई और देवी गीतों व जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने माता रानी के समक्ष शीश झुकाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। विभिन्न पूजा पंडालों में आकर्षक सजावट और रोशनी के बीच धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
इस समय क्षेत्र के कई पूजा पंडालों में मां दुर्गा की आरती की जा रही है। आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। घंटा-घड़ियाल और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु माता रानी की आराधना कर रहे हैं। पूजा समितियों की ओर से नवरात्र के दौरान नियमित पूजन-अर्चन और आरती की व्यवस्था की गई है।
वहीं, ऊंचडीह चौराहे पर आयोजक धर्मेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर अजय पटवा, अमित अग्रहरि, शुभम अग्रहरि, रमेश तिवारी, अमन अग्रहरि और अनूप मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नवरात्र को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु अगले नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना करेंगे।


