•तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने बघौली, पौली और सांथा में योजनाओं की प्रगति परखी, कमियों में सुधार के दिए निर्देश।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। विशेष सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग रवि रंजन, विशेष सचिव आबकारी विभाग अभिषेक आनंद तथा विशेष सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग अरविंद सिंह ने नोडल अधिकारियों के रूप में जनपद के आकांक्षात्मक विकास खंडों बघौली, पौली एवं सांथा में नीति आयोग द्वारा निर्धारित 50 पैरामीटर्स के आधार पर संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में योजनाओं की अद्यतन स्थिति, लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति और गुणवत्ता की प्रदेश की औसत प्रगति के सापेक्ष समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी अनुज मलिक और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश मौजूद रहे।
शासन की ओर से नियुक्त नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने विकास खंडों में योजनाओं के संतृप्तिकरण, प्रगति एवं गुणवत्ता की विभागवार समीक्षा की। स्वास्थ्य एवं पोषण, बेसिक शिक्षा, कृषि, ग्रामीण पेयजल, आधारभूत ढांचा, सामाजिक विकास और पंचायती राज समेत विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित इंडीकेटर्स के आधार पर प्रगति परखी गई।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, आईसीडीएस, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, नमामि गंगे, ग्रामीण पेयजल, कौशल विकास, पशुपालन, विद्युत, पंचायती राज और भारत नेट सहित विभिन्न योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। कुछ योजनाओं में ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों और वास्तविक प्रगति में अंतर मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। डाटा फीडिंग में किसी प्रकार की त्रुटि न हो, इसके लिए आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने को भी कहा गया।
आईसीडीएस और स्वास्थ्य से जुड़े कुछ इंडीकेटर्स में अपेक्षाकृत कम प्रगति पाए जाने पर नोडल अधिकारियों ने संबंधित विभागों को विशेष ध्यान देकर सुधार करने के निर्देश दिए। सभी विभागों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से काम करने तथा ग्रामीण स्तर पर कार्यरत आशा, एएनएम एवं अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षित और संवेदनशील करने को कहा गया।
नोडल अधिकारी रवि रंजन ने कहा कि निर्धारित पैरामीटर्स के तहत योजनाओं को संतृप्त करने के लिए सभी विभाग ब्लॉक डेवलपमेंट स्ट्रैटजी तैयार कर आपसी समन्वय से कार्य करें। योजनाओं की ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए और प्रगति से संबंधित आंकड़ों की पोर्टल एवं ऐप पर तत्काल फीडिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति और गुणवत्ता दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का समय से लाभ मिल सके और जनपद की रैंकिंग में भी सुधार हो।
जिलाधिकारी अनुज मलिक ने तीनों वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके द्वारा दिए गए निर्देशों एवं मार्गदर्शन का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया, जिला विकास अधिकारी रुक्मिणी वर्मा, डीसी श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, पीडी विजयंत सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रवीण शुक्ल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसके तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, एलडीएम पवन कुमार सिन्हा, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सीएम फेलो, एमओआईसी और सीडीपीओ मौजूद रहे।


