मोतीगंज में आयोजित सत्ता परिवर्तन जनआक्रोश रैली में पहुंचे राज्यसभा सांसद, इमरान लतीफ के समर्थन में मतदान की अपील
सिद्धार्थनगर। जिले के डुमरियागंज क्षेत्र के मोतीगंज में शनिवार को आम आदमी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी इमरान लतीफ के नेतृत्व में सत्ता परिवर्तन जनआक्रोश रैली आयोजित की गई। रैली में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर वोट चोरी, चंदा चोरी और अन्य मुद्दों को लेकर निशाना साधा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में डुमरियागंज से पार्टी के प्रत्याशी इमरान लतीफ के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

राज्यसभा सांसद संजय सिंह शाम करीब तीन बजे रैली स्थल पर पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कई राजनीतिक दल आएंगे और तरह-तरह के वादे करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं को हिंदू-मुस्लिम के नाम पर बांटने की कोशिश की जाएगी और चुनाव जीतने के बाद जनता के हितों की अनदेखी की जाएगी।
संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि स्कूलों, अस्पतालों और मिड-डे मील से लेकर चंदे तक में अनियमितताएं की जा रही हैं। उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी राजनीति के खिलाफ जनता को आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में डुमरियागंज से इमरान लतीफ के समर्थन में मतदान करने की अपील भी की।
मीडिया से बातचीत में भी उठाए मुद्दे
मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सिंह ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों में राजनीतिक मुद्दे प्रमुखता से सामने आने लगते हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित वोट चोरी और चंदे से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए भाजपा पर आरोप लगाए। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख किया।
संजय सिंह ने कहा कि सत्ता परिवर्तन जनआक्रोश रैली के माध्यम से पार्टी जनता के बीच अपने मुद्दे उठा रही है। उनके मुताबिक, इससे पहले बरेली के फरीदपुर, सुल्तानपुर और बस्ती के हर्रैया सहित अन्य स्थानों पर भी ऐसी रैलियां आयोजित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रैली में आम आदमी पार्टी के बौद्ध प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ, सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष जलाल अहमद एडवोकेट समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


