•परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, मोबाइल व आईटी गैजेट्स ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेते हुए केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहने चाहिए। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर को सक्रिय अवस्था में रखने को कहा, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी सीसीटीवी कैमरों का संचालन प्रभावित न हो।
अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन और अन्य आईटी गैजेट्स ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती करने तथा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने को भी कहा गया।
बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की तैनाती के साथ बिजली, पेयजल, जनरेटर और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी केंद्र व्यवस्थापक निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


