रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ‘नमो सेवा पखवाड़ा’ के तहत जिले में 25 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी अभियान के संयोजक अनिल चौधरी एवं सह-संयोजक सुरेश तरकर ने दी। संचालन जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने किया।
उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित होगी, जिसका इंस्टाग्राम पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। 26 सितंबर से सभी ब्लॉक स्तर पर बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से ‘भारत सेवा दिवस’ के अंतर्गत पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसके बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।
24, 25 एवं 26 सितंबर को शाम पांच बजे से आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ ब्लॉक एवं जिला स्तर पर भजन संध्या आयोजित की जाएगी। वहीं 27 सितंबर से 10 अक्टूबर तक शाम छह बजे से विधानसभा, मंडल, नगर पालिका एवं नगर पंचायत स्तर पर ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटक एवं नाट्य मंचन होंगे।
30 सितंबर से छह अक्टूबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक सभी नगर पालिका, नगर पंचायत एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सेवा चौपाल लगाई जाएगी। सात अक्टूबर को सुबह नौ बजे से ‘विकसित भारत संकल्प-सेवा ज्योति मशाल यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा शक्ति केंद्रों से मंडल होते हुए मोटर यात्रा के रूप में जिला मुख्यालय पहुंचेगी।
पांच से 17 अक्टूबर तक सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर जनता के लिए सेवा कैंप आयोजित किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ अभियान के तहत प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर मानव समूह द्वारा रंगोली बनाई जाएगी। जिला स्तर पर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ थीम पर समूह चित्र प्रदर्शनी एवं रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।
भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत आयोजित सभी 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों को ‘सेवा प्रेरणा पोर्टल’ पर अपलोड किया जाएगा।

