•भाजपा जिला मीडिया प्रभारी ने जनपदवासियों को दीं धनतेरस व दीपावली की शुभकामनाएं, कहा – सबका साथ, सबका विकास ही भाजपा का संकल्प।
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। दीपावली महापर्व के शुभारंभ का प्रतीक धनतेरस का पावन पर्व भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र की आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यह पर्व केवल धन-संपत्ति की कामना तक सीमित नहीं है, बल्कि आरोग्य, धर्म, सेवा, सद्भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भी संदेश देता है।
धनतेरस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने जनपद औरैया के समस्त नागरिकों, पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
इस अवसर पर भूरे चौबे ने कहा कि भगवान धन्वंतरि की आराधना से उत्तम स्वास्थ्य और मां लक्ष्मी की कृपा से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। लेकिन भाजपा के लिए सच्ची समृद्धि वही है, जहां हर गरीब, किसान, युवा, महिला और व्यापारी के जीवन में खुशहाली हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र ही आज देश को नई दिशा दे रहा है।
उन्होंने कहा कि धनतेरस का संदेश है कि हम अपने घरों के साथ-साथ समाज और राष्ट्र को भी प्रकाशित करें। समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करना ही त्योहारों की वास्तविक सार्थकता है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
भूरे चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास, सुशासन, सुरक्षा और कानून व्यवस्था की नई मिसाल कायम हुई है। औरैया जनपद में भी विकास की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि दीपावली के इस पावन अवसर पर हम अपने आसपास के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाएं।
अंत में उन्होंने कामना की कि धनतेरस का यह पावन पर्व जनपद के प्रत्येक परिवार में खुशियों का उजाला लेकर आए तथा दीपावली सभी के लिए मंगलमय, सुखद, सुरक्षित और समृद्धिशाली हो।


