•अधिशासी अभियंता ने की किसानों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील।
धामपुर। अफजलगढ सिंचाई खंड धामपुर के नियंत्रणाधीन विकास खंड अफजलगढ क्षेत्र में नहरों की सिल्ट सफाई और स्क्रेपिंग का कार्य इन दिनों युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। शासन की मंशानुरूप किसानों को टेल तक सिंचाई का पानी सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण अभियान को लेकर खंड के अधिशासी अभियंता अरुण सचदेव ने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों और सम्मानित कृषक बंधुओं से अपील की है कि वे नहरों की सफाई व्यवस्था में अपना पूरा सहयोग दें और अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा करें।
अधिशासी अभियंता ने कार्य में लगे सभी संबंधित सहायक अभियंताओं और जूनियर इंजीनियर्स को सख्त निर्देश दिए हैं कि नहरों की साफ-सफाई पूरी तरह तय मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा है कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिशासी अभियंता स्वयं क्षेत्र में जाकर किसानों से सीधा संवाद कर रहे हैं और सफाई कार्यों का फीडबैक ले रहे हैं। किसानों द्वारा दिए जा रहे सुझावों पर तुरंत अमल किया जा रहा है, जिससे मैदानी स्तर पर इस अभियान का शत-प्रतिशत लाभ अन्नदाताओं तक पहुंच सके।


