•ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और सीओ सिटी आईपीएस आशना चौधरी ने पुलिस टीम के साथ थाना गोविंदनगर एवं शहर कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
अधिकारियों ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही बाजारों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त करने पर जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


