•16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और त्रुटियों में संशोधन का मिलेगा मौका, जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से की अपील।
बस्ती। भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। आयोग की ओर से 6 नवंबर 2026 को जारी निर्देशों के क्रम में संशोधित कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदान स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 2 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। वहीं, एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन अब 17 नवंबर को होगा।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने तथा अन्य दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद उसमें अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है या उसमें कोई त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि में दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत कर आवश्यक संशोधन करा लें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।


