-बच्चों के हित में प्रकाशिनी शुक्ला की पहल सराहनीय, अतिथियों ने की प्रशंसा।
बस्ती। बनकटी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर में प्रधानाध्यापक प्रकाशिनी शुक्ला ने अपने वेतन से 61 बच्चों को नि:शुल्क स्कूल बैग वितरित किए। बैग पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने प्रधानाध्यापक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत मुंडेरवा के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानाध्यापक द्वारा अपने वेतन से बच्चों को बैग उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। बैग मिलने से बच्चों को किताबें रखने में सहूलियत होगी और वे नियमित रूप से इसका उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
प्राथमिक शिक्षक संघ बनकटी के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश गौड़ ने कहा कि बच्चों को निरूशुल्क बैग उपलब्ध कराना प्रधानाध्यापक की संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वहीं, प्राथमिक शिक्षक संघ के तहसील अध्यक्ष उमाकांत शुक्ल ने कहा कि सरकार परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सरकारी विद्यालयों में योग्य शिक्षक हैं। बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होने पर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
प्रधानाध्यापक प्रकाशिनी शुक्ला ने अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि भविष्य में भी बच्चों के हित में निरंतर कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सभासद प्रतिनिधि शत्रुघ्न चौधरी, शिक्षक लवली किरण त्रिपाठी, शिक्षामित्र कंचन यादव, कुसुम चौधरी, नगर पंचायत के लिपिक बजरंगी चौधरी सहित अभिभावक मौजूद रहे।


