•संतों के आशीर्वचन, दिव्य भजन और वृंदावन परिक्रमा से भक्तिमय होगा वातावरण।
वृंदावन। परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण कृपा धाम में महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के पावन सानिध्य में 23 से 25 अक्टूबर तक तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में संतों के आशीर्वचन, दिव्य भजन संध्या और भावमय श्रीधाम वृंदावन परिक्रमा सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मीडिया प्रभारी डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव श्रद्धालुओं को प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिकता से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से श्रीराधा-कृष्ण की भक्ति और उनके आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रीकृष्ण कृपा धाम के प्रबंधक वासुदेव शरण ने बताया कि 23 और 24 अक्टूबर को सायं तीन बजे से संतों के आशीर्वचन होंगे। वहीं, रात्रि आठ बजे से दिव्य भजन रस का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं को संतों के आध्यात्मिक विचारों का श्रवण करने और भक्ति संगीत के माध्यम से भावविभोर होने का अवसर मिलेगा।
महोत्सव के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को प्रातः पांच बजे से भावमय श्रीधाम वृंदावन परिक्रमा निकाली जाएगी। इसमें श्रद्धालु सम्मिलित होकर श्रीराधा-कृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे। तीन दिवसीय इस महोत्सव के माध्यम से प्रेम, भक्ति और सद्भाव का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
श्रीकृष्ण कृपा धाम के शक्ति स्वरूप ब्रह्मचारी ने सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में सहभागिता करने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की है।


