मथुरा। महानवमी के अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने उत्तर प्रदेश शासन के निर्णय के क्रम में इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया है।
17 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग ने पूर्व घोषित अवकाश सूची में संशोधन करते हुए 19 अक्टूबर को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पूर्व में 20 अक्टूबर को महानवमी एवं विजयदशमी का अवकाश निर्धारित था। अवकाश सूची के शेष प्रावधान यथावत रहेंगे।
आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।


