•फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन की बताई प्रक्रिया।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। बीएसए कॉलेज के श्याम चरण हॉल स्थित कॉरिडोर में बुधवार को स्वीप एवं ईएलसी टीम की ओर से मतदाता जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें नवीन मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटवाने तथा नाम और पते में संशोधन कराने से संबंधित विभिन्न जानकारियों के पोस्टर प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं, छात्र-छात्राओं और नए मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया गया।
प्रदर्शनी में फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीकरण, फॉर्म-7 से मतदाता सूची में नाम हटवाने तथा फॉर्म-8 के जरिए नाम एवं पते में संशोधन कराने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रत्येक जागरूकता स्टॉल पर मौजूद स्वीप टीम के सदस्यों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन करने के तरीके और इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी।
सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा एवं बीएसए कॉलेज के प्राचार्य ललित शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि इस प्रकार की मतदाता जागरूकता प्रदर्शनी नए मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ावा देने में सहायक होगी। स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीनदयाल ने बताया कि फॉर्म-6, 7 एवं 8 ऑनलाइन माध्यम से भी भरे जा सकते हैं।
डीएलएमटी मनीष दयाल ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे युवाओं को जागरूक करें, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके होंगे, ताकि उनका मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जा सके।
ईएलसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अखिलेश यादव ने बताया कि फॉर्म-6 के लिए आधार कार्ड एवं परिवार के किसी सदस्य की वोटर आईडी जैसे दस्तावेजों के साथ बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है। वहीं, फॉर्म-7 के लिए स्वयं की वोटर आईडी और आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।
डॉ. रोली तिवारी एवं गुरु प्यारी सतसंगी ने कहा कि मतदाता जागरूकता से जुड़ी ऐसी प्रदर्शनियां नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए, जिससे पंजीकरण अभियान को गति मिल सके। प्रदर्शनी में मौजूद युवाओं और छात्र-छात्राओं ने मतदाता पंजीकरण से जुड़ी विभिन्न शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम के आयोजन में स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीनदयाल, ईएलसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अखिलेश यादव, डीएलएमटी मनीष दयाल, मांट विधानसभा स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. रोली तिवारी, मथुरा विधानसभा स्वीप कोऑर्डिनेटर गुरु प्यारी सतसंगी तथा छाता विधानसभा स्वीप कोऑर्डिनेटर राजेश झा का सक्रिय योगदान रहा।


