•एलिम्को कानपुर के सहयोग से बीआरसी चौमुंहा में लगा शिविर, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी रहे मुख्य अतिथि
मथुरा। एलिम्को कानपुर के सहयोग से शनिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) चौमुंहा पर समेकित शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों के लिए मापन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए मापन की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख जमुना देवी रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजाराम शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति एवं खंड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव ने मां शारदा के चित्र के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चौमुंहा की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने अपने संबोधन में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली पहली दिव्यांग महिला अरुणिमा सिन्हा के संघर्ष एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को प्रेरित किया। वहीं, राजाराम शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित दिव्यांग बच्चों को पटुका पहनाकर सम्मानित किया।
शिविर के दौरान दिव्यांग बच्चों के लिए आठ प्रकार के लगभग 151 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के तहत मापन किया गया। उपकरण प्राप्त होने की जानकारी से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी चौमुंहा के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एआरपी महेश चंद ने किया। इस अवसर पर समस्त एआरपी एवं विभिन्न ब्लॉकों से आए स्पेशल एजुकेटर सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।


