•गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अधिगम प्रतिफल एवं शैक्षिक मूल्यांकन की प्रभावशीलता बढ़ाने पर हुआ मंथन
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), मथुरा के सभागार में 26 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण रिपोर्ट आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ डायट के प्राचार्य/उपनिदेशक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने मां सरस्वती के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्य/उपनिदेशक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापरक, समावेशी एवं परिणामोन्मुख बनाने में शैक्षिक मूल्यांकन की महत्वपूर्ण भूमिका है। परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण विद्यार्थियों के अधिगम स्तर, शैक्षिक दक्षताओं एवं विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता का वस्तुनिष्ठ आकलन करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण से प्राप्त निष्कर्षों एवं आंकड़ों का समुचित विश्लेषण कर शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। शिक्षक एवं शैक्षिक अधिकारी इन निष्कर्षों को व्यवहार में उतारकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सार्थक प्रयास करें।
डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता संजय डबराल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के निष्कर्ष केवल आंकड़ों का संकलन नहीं हैं, बल्कि ये हमारी शैक्षिक उपलब्धियों, चुनौतियों एवं सुधार की संभावनाओं का दर्पण हैं।
उन्होंने प्रशिक्षण की विषयवस्तु, उद्देश्यों एवं कार्ययोजना की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को सर्वेक्षण रिपोर्ट के विभिन्न आयामों को गहनता से समझने तथा उनका शैक्षिक संदर्भों में विश्लेषण करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के संयोजक एवं डायट प्रवक्ता डॉ. गौरव गुंजन ने प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण रिपोर्ट के माध्यम से प्राप्त शैक्षिक साक्ष्यों को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में विषयगत समझ, तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं व्यावहारिक ज्ञान के विकास के लिए शिक्षण पद्धतियों में निरंतर नवाचार आवश्यक है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को सर्वेक्षण आधारित शैक्षिक निष्कर्षों की समझ विकसित कराते हुए विद्यालय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं अधिगम प्रतिफलों में अपेक्षित सुधार हेतु सक्षम बनाना है।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण रिपोर्ट के विभिन्न पहलुओं, शैक्षिक उपलब्धियों के विश्लेषण, अधिगम प्रतिफलों के आकलन तथा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श एवं प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में डायट प्रवक्ता कुसुम लता, रचना वाला, संतोष कुमार, डॉ. देवकांत शर्मा तथा एसआरजी शिवकुमार का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शैक्षिक गुणवत्ता के उन्नयन, साक्ष्य आधारित शिक्षण पद्धतियों को प्रोत्साहन देने तथा विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सतत सुधार के संकल्प के साथ हुआ।


