•यमुना में गिरते नालों को रोकने, कुंड-पोखरों और सरोवरों को पुनर्जीवित करने के लिए जनआंदोलन की तैयारी।
•तीन राज्यों में फैले ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा क्षेत्र के विकास के लिए संवैधानिक एवं प्रशासनिक समन्वय स्थापित करने पर दिया जोर
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ब्रज की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण तथा ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर ब्रजमंडल नागरिक मंच ने सामूहिक पहल का आह्वान किया है। मंच से जुड़े लोगों ने यमुना शुद्धिकरण, ब्रज के प्राचीन जल स्रोतों के संरक्षण और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया है।
मंच का प्रमुख उद्देश्य यमुना मैया में गिर रहे नालों को बंद कराने, यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने तथा ब्रज क्षेत्र के प्राचीन कुंडों, पोखरों और सरोवरों को पुनर्जीवित करना है। इसके लिए जनसहभागिता बढ़ाकर अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया जा रहा है।
मंच से जुड़े लोगों का कहना है कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा क्षेत्र का विस्तार तीन राज्यों तक है। ऐसे में ब्रज की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं समग्र विकास के लिए तीनों राज्यों के बीच संवैधानिक और प्रशासनिक समन्वय स्थापित होना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित सरकारों और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस दिशा में आकर्षित किया जाएगा।
मंच की ओर से ब्रजवासियों और समाज के जागरूक नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक चर्चाओं और लिंक साझा करने के बजाय ब्रज के विकास, यमुना शुद्धिकरण, नालों की समस्या, जल स्रोतों के संरक्षण और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से समस्याओं का समाधान कराया जा सके।
इस पहल में मानिकेश चतुर्वेदी, विनोद शर्मा, नंदलाल चतुर्वेदी, डॉ. सीमा मोरवाल, लाल सिंह आर्य, अजय चतुर्वेदी, संजय हरियाणा, उपेंद्र चतुर्वेदी, चंद्र मोहन चतुर्वेदी, चंद्र मोहन दीक्षित, दीपक सारस्वत एवं राजेंद्र वर्मा शामिल हैं।
मंच का संकल्प है कि सभी के सहयोग और एकजुटता से यमुना मैया को पुनः निर्मल एवं अविरल बनाने के साथ ब्रज की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी ब्रज की प्राचीन पहचान और गौरव को जीवंत रूप में देख सकें।


