•महात्मा ज्योतिबा फुले के 136वें निर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, मिशन-2027 के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति एवं समता फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा ज्योतिबा फुले के 136वें निर्वाण दिवस पर कृष्णानगर बिजलीघर परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवेंद्र सिंह आजाद ने की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
समिति के अध्यक्ष रमेश सैनी एवं संजय कुमार बीडीसी ने संयुक्त रूप से कहा कि भारत में पिछड़े वर्गों की राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए आपसी भेदभाव भुलाकर एकजुट होना होगा। मिशन-2027 को लेकर सभी को संगठित होकर महात्मा ज्योतिबा फुले के बताए मार्ग पर संघर्ष करना चाहिए।
समता फाउंडेशन के अध्यक्ष लुकेश राही ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने पराधीन भारत में निर्धन, वंचित एवं शोषित वर्गों के उत्थान के साथ ही महिला शिक्षा और सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता और समानता का मार्ग प्रशस्त किया, जो आज भी प्रासंगिक है।
श्रद्धांजलि सभा में रमेश सैनी, मुकेश सैनी, संजय बीडीसी, नरेश सर, देवेंद्र सिंह आजाद, राजकुमार आजाद, बिशम्बर दयाल कर्दम, आकाश बाबू, लुकेश राही, असलम एवं संदेश कैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


