•कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए टीएलएम से होगी पढ़ाई, 31 अक्टूबर तक तैयार होगी शिक्षण सामग्री।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जिले के 16 पीएमश्री विद्यालयों में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई को अधिक रोचक और गतिविधि आधारित बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बताया कि पीएमश्री योजना के तहत बच्चों को किताबों के साथ-साथ विभिन्न शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्रालय की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2026-27 के तहत इसके लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। टीएलएम फंड से निर्धारित समय सीमा में संबंधित विद्यालयों द्वारा आवश्यक सामग्री खरीदी जाएगी और उसी के आधार पर शिक्षण-अधिगम सामग्री तैयार की जाएगी। इस राशि से केवल विद्यार्थियों की पढ़ाई से सीधे जुड़ी सामग्री ही खरीदी जा सकेगी।
नई व्यवस्था के तहत बच्चों को चार्ट, शब्द कार्ड, नक्शे, अबेकस और अन्य रंगीन एवं गतिविधि आधारित सामग्री के जरिए विषयों को समझाया जाएगा। कक्षा एक और दो के लिए हिंदी एवं गणित, जबकि कक्षा तीन से पांच तक हिंदी, गणित, अंग्रेजी और पर्यावरण अध्ययन से संबंधित टीएलएम तैयार किए जाएंगे।
बीएसए ने बताया कि विद्यालयों की कक्षाओं में निपुण लक्ष्य से संबंधित पोस्टर और विषयवार तालिकाएं भी लगाई जाएंगी। आवश्यक सामग्री की खरीद 15 अक्टूबर तक तथा टीएलएम तैयार करने का कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाना है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को अधिगम किट और विद्यार्थी डायरी भी उपलब्ध कराई जाएगी। अधिगम किट में अभ्यास पत्रक, रंग भरने की पुस्तक, रंगीन पेंसिल, क्रेयॉन, ओरिगामी पेपर, लर्निंग डाइस सहित अन्य उपयोगी सामग्री शामिल होगी। किट के वितरण का विवरण पंजिका में दर्ज किया जाएगा और अभिभावकों से हस्ताक्षर भी कराए जाएंगे।


