महराजगंज। जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद महराजगंज में डीजल एवं पेट्रोल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। जनपद के सभी पेट्रोल पम्पों पर ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में जनपद में प्रतिदिन लगभग 250 किलो लीटर डीजल एवं 200 किलो लीटर पेट्रोल की मांग एवं खपत रहती है। वर्तमान में जनपद के पेट्रोल पम्पों पर 929 किलो लीटर डीजल तथा 632 किलो लीटर पेट्रोल उपलब्ध है।
हालांकि कुछ भ्रामक अफवाहों के कारण आमजन द्वारा आवश्यकता से अधिक खरीददारी किए जाने से दैनिक मांग बढ़कर 371 किलो लीटर डीजल एवं 210 किलो लीटर पेट्रोल तक पहुंच गई है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि ईंधन की आपूर्ति लगातार जारी है और भविष्य में भी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल की खरीद करें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अनावश्यक खरीददारी एवं अवैध भंडारण से कृत्रिम संकट उत्पन्न हो सकता है। यदि किसी व्यक्ति के पास डीजल अथवा पेट्रोल का अनधिकृत भंडारण पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विधिक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी नागरिकों से सहयोग एवं संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इससे जनपद में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित होती रहेगी।