तेज आंधी में गिरा ट्रांसफार्मर, दो सप्ताह से अधिक दिनों से अंधेरे में ठटा गांव।

Spread the love

•बिजली बहाली न होने से ग्रामीणों में आक्रोश, प्रदर्शन की चेतावनी।

सराय ममरेज/प्रयागराज। थाना सराय ममरेज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठटा (पोस्ट ऑफिस उग्रसेनपुर) में 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान के दौरान मुख्य विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर गिर जाने से पूरे गांव की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है। घटना के दो सप्ताह से अधिक दिन बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

ग्रामीणों के अनुसार तेज तूफान के दौरान लोहे का भारी विद्युत पोल तथा ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद से गांव में अंधेरा पसरा हुआ है और लोग भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है। मोबाइल चार्जिंग सहित दैनिक उपयोग के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के फूलपुर पावर हाउस को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक पोल खड़ा करने अथवा ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण गांव के लोगों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल नया पोल एवं ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन एवं प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *