बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण।

Spread the love

महराजगंज। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को श्यामदेउरवा, परतावल बाजार और भिटौली क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परतावल बाजार में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें।

डीएम ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, नमाज स्थलों एवं ईदगाहों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शरारती तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने भी कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर बनाए रखने तथा क्षेत्र में लगातार गश्त कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार देश दीपक सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *