पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने 350 लीटर डीजल के साथ ट्रैक्टर पकड़ा, जांच शुरू।

Spread the love

सिद्धार्थनगर। कोतवाली बांसी पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह कार्रवाई करते हुए 350 लीटर संदिग्ध डीजल के साथ एक ट्रैक्टर को कब्जे में लिया। कार्रवाई बांसी-गोरखपुर मार्ग स्थित बुद्धा पेट्रोल पंप के पास की गई।

पुलिस के अनुसार न्यू सोनालिका ट्रैक्टर के पीछे हाइड्रोलिक पर डीजल से भरा ड्रम बांधकर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान टीम को करीब 350 लीटर डीजल बरामद हुआ। इसके बाद ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली बांसी लाया गया।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर खेसरहा थाना क्षेत्र के भूसेला गांव निवासी ग्राम प्रधान रूपनारायण यादव का है। सूचना मिलने पर पूर्ति निरीक्षक अर्चना सिंह भी मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कराई।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। बरामद डीजल के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूर्ति विभाग द्वारा डीजल के स्रोत और संबंधित अभिलेखों की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर नया होने के कारण उसका नंबर अभी स्पष्ट रूप से सत्यापित नहीं हो सका है। ट्रैक्टर करीब 20 से 25 दिन पहले खरीदा गया बताया जा रहा है।

पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने कहा कि अवैध ईंधन भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *