परिवहन कर्मी से अभद्रता व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में ठेकेदार सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

Spread the love

संत कबीर नगर। परिवहन विभाग के कर्मचारी से अभद्रता, हाथापाई तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में स्थानीय ठेकेदार हेमंत तिवारी समेत तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जनहित एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की संस्तुति पर रोडवेज परिवहन विभाग द्वारा खलीलाबाद से वाराणसी तक एक बस का संचालन किया जा रहा है। यह बस खलीलाबाद से चलकर नाथनगर, मुखलिसपुर, धनघटा, बिडहरगंज, जहांगीरगंज, सिकंदरपुर, अतरौलिया और आजमगढ़ होते हुए वाराणसी पहुंचती है।

बताया गया कि निर्धारित समय पर उक्त बस खलीलाबाद ओवरब्रिज के नीचे यात्रियों को लेकर वाराणसी के लिए रवाना होने की तैयारी में खड़ी थी। इसी दौरान स्थानीय ठेकेदार हेमंत तिवारी अपने दो सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा और यात्रियों को बस में बैठाने तथा बस संचालन को लेकर परिवहन विभाग के प्रभारी टी.एन. दुबे से विवाद करने लगा।

आरोप है कि कहासुनी के दौरान ठेकेदार और उसके साथियों ने प्रभारी के साथ अभद्रता की, हाथापाई की, मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के संबंध में परिवहन विभाग के प्रभारी टी.एन. दुबे ने जिलाधिकारी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर हेमंत तिवारी तथा उसके दो अज्ञात सहयोगियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *