महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, उनके कारणों, चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स तथा उन पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विगत माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हुई मौतों की जानकारी ली। अप्रैल 2025 की तुलना में अप्रैल 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में 40 प्रतिशत कमी आने पर उन्होंने संतोष जताया और अधिकारियों को आगामी महीनों में भी इस स्थिति को बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं अत्यंत गंभीर विषय हैं और इन्हें रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध तरीके से उठाए जाएं। साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर जल्द सुधारात्मक कार्य पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर साइन बोर्ड, रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक एवं कैट लाइट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान आसानी से हो सके। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने बताया कि जनपद में ब्लैक स्पॉट्स की संख्या 11 से घटकर अब 6 रह गई है।
बैठक में हाईवे से जुड़े संपर्क मार्गों पर भी स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके। जिलाधिकारी ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्रा, सहायक परिवहन अधिकारी मनोज सिंह, डीआईओएस प्रदीप शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।