विदेश भेजने के नाम पर 60 हजार की ठगी, फर्जी वीजा-टिकट का खुलासा दिल्ली एयरपोर्ट पर।

Spread the love

नौकरी का सपना दिखाकर युवक को बनाया शिकार, सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज

सहजनवा। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाज ने युवक को फर्जी वीजा और हवाई टिकट थमाकर विदेश भेजने का भरोसा दिलाया, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर दस्तावेजों की जांच के दौरान पूरे मामले का खुलासा हो गया। ठगी का शिकार युवक अब न्याय की गुहार लगा रहा है, जबकि आरोपी फरार बताया जा रहा है

जानकारी के अनुसार सहजनवा थाना क्षेत्र के पटखौली गांव निवासी प्रवीण गुप्ता पुत्र शिवनाथ गुप्ता रोजगार की तलाश में था। इसी दौरान पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति ने उससे संपर्क कर विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने विदेश भेजने के लिए लगभग 65 हजार रुपये खर्च होने की बात कहकर युवक और उसके परिजनों का विश्वास जीत लिया।

पीड़ित के अनुसार दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच विभिन्न तिथियों में उसने आरोपी के बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से करीब 60 हजार रुपये भेजे। इसके बाद 25 मई 2026 को आरोपी ने उसे वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराते हुए दिल्ली रवाना कर दिया।

दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर दस्तावेजों की जांच के दौरान युवक को पता चला कि उसे दिया गया वीजा और हवाई टिकट दोनों फर्जी हैं। पीड़ित का आरोप है कि वह करीब दस दिनों तक दिल्ली में रुका रहा, इस दौरान आरोपी लगातार उसे विदेश भेजने का झूठा आश्वासन देता रहा। बाद में ठगी का एहसास होने पर वह घर लौट आया और अपनी रकम वापस मांगी।

आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

क्षेत्र में इस घटना की व्यापक चर्चा है। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर होने वाली ठगी की बढ़ती घटनाओं को लेकर लोग चिंता जता रहे हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *