सहजनवा के गरीब परिवारों को बड़ी सौगात 2 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक ‘कल्याण मंडपम’।

Spread the love

​सहजनवा(गोरखपुर)। ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अपनी बेटियों की शादी को सम्मानजनक और भव्य तरीके से संपन्न कराना अब एक बड़ी राहत बनने जा रहा है। सहजनवा क्षेत्र के गरीब परिवारों को अब अपनी बहन-बेटियों के विवाह और मांगलिक कार्यक्रमों के लिए महंगे मैरिज हॉलों, होटलों या रिसॉर्ट्स के भारी-भरकम खर्च से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।

सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ला के विशेष प्रस्ताव पर क्षेत्र में एक अत्याधुनिक ‘कल्याण मंडपम’ के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके लिए सांसद रवि किशन की सांसद निधि से 2 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए तहसील प्रशासन ने नगर क्षेत्र में उपयुक्त भूमि की तलाश भी तेज कर दी है।

​सरकार की लोक-कल्याणकारी सोच का परिणाम

​उत्तर प्रदेश की सूबे की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रही है। ‘कल्याण मंडपम’ का निर्माण इसी कड़ी का एक बड़ा हिस्सा है। सरकार का स्पष्ट मानना है कि संपन्न और बड़े परिवारों के लोग तो अपनी शादियों और उत्सवों के लिए महंगे रिसॉर्ट्स और मैरिज हॉलों का खर्च आसानी से वहन कर लेते हैं, लेकिन मध्यम और गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में बजट एक बड़ी बाधा बन जाता है। इस सामाजिक असमानता को दूर करने के लिए कल्याण मंडपम की अवधारणा लाई गई है, ताकि गरीब परिवार भी बेहद मामूली और नाममात्र का शुल्क देकर अपनी बेटियों की शादी एक वीआईपी रिसॉर्ट जैसे माहौल में और पूरे आत्मसम्मान के साथ कर सकें।

​विधायक और सांसद के साझा प्रयासों से मिली सौगात

​सहजनवा के विकास और जन-सुविधाओं को लेकर लगातार सक्रिय रहने वाले विधायक प्रदीप शुक्ला ने क्षेत्र की इस जमीनी समस्या को भांपते हुए गोरखपुर के सांसद रवि किशन के समक्ष ‘कल्याण मंडपम’ के निर्माण का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने इसके लिए सांसद निधि से धन आवंटित करने की मांग की थी। क्षेत्र के विकास और गरीब कन्याओं के विवाह से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर सांसद रवि किशन ने तुरंत अपनी सहमति प्रदान कर दी और दो करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि मंजूर कर दी। बजट मिलने के बाद अब स्थानीय प्रशासन और तहसील स्तर पर भूमि के चिन्हांकन की प्रक्रिया युद्धस्तर पर जारी है, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।

​आधुनिक रिसॉर्ट जैसी मिलेंगी सुविधाएं

​प्रस्तावित कल्याण मंडपम को किसी निजी आलीशान रिसॉर्ट की तर्ज पर ही विकसित किया जाएगा। इसके भीतर एक भव्य हॉल होगा जिसमें करीब 300 लोगों के बैठने की उत्तम व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा, वर-वधू पक्ष के ठहरने के लिए सुसज्जित कमरे, आधुनिक रसोईघर, डाइनिंग एरिया, स्वच्छ पेयजल और बेहतरीन लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। परिसर को सुंदर और आकर्षक लुक दिया जाएगा ताकि यहाँ होने वाले मांगलिक कार्यक्रम किसी भी मायने में बड़े होटलों से कम न लगें।

​सहजनवा की जनता और विशेषकर गरीब परिवारों के कल्याण के लिए हमारी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सांसद निधि से करीब दो करोड़ रुपए की लागत से इस कल्याण मंडपम का भव्य निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर क्षेत्र में प्रशासन से उपयुक्त भूमि की मांग की गई है। जैसे ही भूमि का आवंटन पूरा होता है, निर्माण कार्य तेजी से शुरू करा दिया जाएगा ताकि जनता को जल्द इसका लाभ मिल सके। —प्रदीप शुक्ला, विधायक सहजनवा

यह परियोजना सहजनवा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी, जिससे न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल मिलेगा बल्कि सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *