मथुरा। बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में रविवार को सदर बाजार स्थित भीमनगर जिला कार्यालय पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आगरा मंडल जोन प्रभारी सुरेश बाबू ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे महान वीरांगना, न्यायप्रिय शासिका, समाज सुधारक तथा नारी शक्ति की सशक्त प्रतीक थीं। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के चौंडी गांव में हुआ था। साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने अपने साहस, दूरदर्शिता और सेवा भावना के बल पर भारतीय इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।
उन्होंने बताया कि पति खंडेराव होल्कर तथा ससुर मल्हारराव होल्कर के निधन के बाद अहिल्याबाई ने मालवा राज्य की बागडोर संभाली और अपने कुशल नेतृत्व से प्रजा को न्याय, सुरक्षा और समृद्धि प्रदान की। वे प्रतिदिन जनता की समस्याएं सुनती थीं तथा निष्पक्ष निर्णय देकर लोगों का विश्वास जीतती थीं। इसी कारण उन्हें “लोकमाता” की उपाधि प्राप्त हुई।
मुख्य अतिथि ने उपस्थित लोगों से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा न्याय, सेवा, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आगरा मंडल जोन प्रभारी नरेश सिंह, जिलाध्यक्ष जितेंद्र कर्दम, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश कर्दम, प्रेमचंद कर्दम, गोवर्धन सिंह, किशोर सिंह, पूर्व विधायक प्रत्याशी बल्देव, जिला पंचायत सदस्य अनिल बघेल, जिला महासचिव पवन बघेल, भाईचारा कमेटी के जिला संयोजक ओमप्रकाश बघेल, उदयवीर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष डॉ. राज, जिला सचिव कौशल किशोर कर्दम, जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रहलाद सिंह एवं भानु प्रताप सिंह, बामसेफ जिला संयोजक खेमचंद, बीवीएफ जिला संयोजक सत्येंद्र कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पाल-बघेल समाज के गणमान्य लोगों तथा बहुजन समाज पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। अंत में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।