•बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महोली के निजी अस्पताल का नाम आया सामने।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर/बरेली। बच्चा चोरी कर बेचने के कथित मामले में बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सीतापुर जनपद के महोली क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल से जुड़े डॉक्टर संजय विश्वास का नाम भी सामने आया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला महोली क्षेत्र के उरदौली स्थित स्वर्णलता मेमोरियल हॉस्पिटल एवं महिला प्रसूति केंद्र से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि नवजात शिशु की चोरी और उसकी बिक्री से संबंधित गतिविधियों में कुछ लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही थी, जिसके बाद बरेली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अभी तक पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि महोली क्षेत्र पूर्व में भी चर्चाओं में रह चुका है। कुछ समय पहले यहां एक बांग्लादेशी नागरिक के ठहरने का मामला सामने आया था, जिसे बाद में लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।