•हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड पाठ के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगलवार के अवसर पर गल्ला मंडी गेट के सामने स्थित हनुमान मंदिर में राजू चाचा मिष्ठान भंडार के तत्वावधान में भव्य धार्मिक कार्यक्रम एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान हनुमान का पूजन-अर्चन किया तथा प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन के दौरान हनुमान पूजन, हनुमान चालीसा पाठ एवं सुंदरकांड का श्रद्धापूर्वक पाठ किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
राजू चाचा मिष्ठान भंडार के संचालक एवं समाजसेवी राजू राठौर ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ माह के मंगलवारों पर श्रद्धाभाव के साथ सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा एवं भंडारे का आयोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महावीर बजरंगबली की कृपा से सफलतापूर्वक संपन्न होता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
भंडारे में श्रद्धालुओं को चावल एवं छोले का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जय बजरंगबली के जयघोषों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से कार्यक्रम में भाग लेकर धार्मिक वातावरण का आनंद लिया।
इस अवसर पर राजू राठौर, पुतान राठौर, राजेश राठौर, राहुल राठौर, विमल राठौर, बच्चू लाल मिश्रा, रामसागर राठौर सहित अनेक समाजसेवियों एवं हनुमान भक्तों ने प्रसाद वितरण एवं आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु एवं विभिन्न समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।