रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने जिले को नया प्रभारी मंत्री सौंप दिया है। हाल ही में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए मनोज पांडेय को सीतापुर जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है। उन्हें खाद्य एवं रसद, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का दायित्व भी सौंपा गया है।
मनोज पांडेय लंबे समय से ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं और प्रदेश की राजनीति में एक प्रभावशाली ब्राह्मण नेता के रूप में उनकी पहचान रही है। अपने राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक समझ के कारण उन्हें सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रभारी मंत्री के रूप में मनोज पांडेय जिले में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के कार्यों की निगरानी कर शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर लागू कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
सीतापुर के प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता की अपेक्षा है कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रभावी पहल होगी।
जिले में प्रभारी मंत्री की नियुक्ति को प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उनके कार्यकाल में सीतापुर को विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में किस प्रकार के नए आयाम प्राप्त होते हैं।