नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार और बिक्री बढ़ाने पर जोर।

Spread the love

मथुरा। जनपद मथुरा में इफको नैनो यूरिया प्लस एवं नैनो डीएपी आधारित बिक्री केंद्र प्रभारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सभागार कक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र दुवासू मथुरा में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. योगेश कुमार शर्मा, अध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र (दुवासु) मथुरा उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में जिला कृषि अधिकारी जनपद मथुरा श्री आवेश कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक, इफको आगरा, आगरा मंडल डॉ० प्रहलाद सिंह जी, इफको उप क्षेत्र प्रबंधक श्री सतबीर सिंह जी एवं इफको ए0जी0टीओ0 श्री आयुष अहलावत जी एवं समस्त एग्रीजंक्शन, इफको बाजार प्रभारी उपस्थित रहे।

इफको उप क्षेत्र प्रबंधक मथुरा द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने इफको नैनो यूरिया प्लस एवं नैनो डीएपी की आगामी बिक्री योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए सभी केंद्र प्रभारियों से इन उत्पादों की बिक्री बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

मुख्य प्रबंधक इफको आगरा मंडल आगरा द्वारा अपने संबोधन में इफको के उत्कृष्ट प्रबंधन एवं किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इफको द्वारा विकसित नैनो उर्वरक कृषि क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं अभिनव पहल है, जो कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने में किसानों की सहायता कर रहे हैं।

उन्होंने सभी एग्री जंक्शन केंद्र प्रभारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इफको उप क्षेत्रीय प्रबंधक के मार्गदर्शन में जनपद स्तर पर नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री को बढ़ाने के लिए सभी को समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। साथ ही उन्होंने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

डॉ. योगेश कुमार शर्मा द्वारा केंद्र प्रभारियों से कहा कि किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ना हम सभी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आपसे अनुरोध है कि अपने केंद्र पर आने वाले प्रत्येक किसान को इफको नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान करें।

किसानों को समझाएं कि नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग से उर्वरक उपयोग दक्षता बढ़ती है, लागत कम होती है तथा फसलों की उपज एवं गुणवत्ता में सुधार होता है। साथ ही उन्हें पारंपरिक उर्वरकों के साथ इन नवीन उत्पादों के उपयोग की विधि एवं लाभों के बारे में भी अवगत कराएं। आपके प्रयास किसानों को बेहतर उत्पादन एवं अधिक आय प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होंगे। अतः अधिक से अधिक किसानों तक इन उत्पादों की जानकारी पहुंचाकर उन्हें इनके प्रयोग हेतु प्रेरित करें।

जिला कृषि अधिकारी महोदय द्वारा भी सभी केंद्र प्रभारियों को किसानों के बीच रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने तथा उनके विकल्प के रूप में इफको नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग पर विशेष जोर देने हेतु निर्देशित किया गया।

उन्होंने केंद्र प्रभारियों से कहा कि वे किसानों को नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के लाभों एवं उपयोग विधि के बारे में जागरूक करें तथा अधिक से अधिक किसानों को इन उर्वरकों को अपनाने के लिए प्रेरित करें।

इस कार्यक्रम में लगभग 40 से 45 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में एमडीई श्री कुलदीप चतुर्वेदी एवं एस०एफ०ए० श्री दुर्गपाल जी की उपस्थिति सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *