रिपोर्ट विजय नागपाल।
मथुरा। श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों की सुगम यात्रा तथा वृंदावन की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने थाना वृंदावन क्षेत्र का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रेम मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अवैध अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसे हटाने के लिए एक विशेष टीम के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है।
इसके अलावा अधिकारियों ने विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी जी मंदिर तथा श्री राधा बल्लभ मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, आवागमन की सुगमता तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण एवं ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, अपर नगर आयुक्त सी.पी. पाठक, अपर नगर मजिस्ट्रेट वृंदावन राजकुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।