रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मिर्जापुर। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक (विंध्याचल परिक्षेत्र) पूनम एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मंगलवार को नगर क्षेत्र स्थित गंगा नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रभावी प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सहित आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।