रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। नगर के सबसे व्यस्ततम भामाशाह चौक पर बीते सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सब्जी मंडी के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
सब्जी मंडी के व्यापारी हरेकिशन नेताजी ने बताया कि भामाशाह चौक पर लगे विद्युत पोल में पिछले करीब कही सप्ताह से करंट आने की शिकायत लगातार की जा रही है। उनका आरोप है कि इससे पहले भी एक गाय की करंट लगने से मौत हो चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। सोमवार को भी एक महिला बाल-बाल बच गई, जबकि भोजन की तलाश में घूम रहा एक गोवंश करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
व्यापारी सलीम, योगेश, हुकुम, महेश, राजू और शाहिद सहित अन्य लोगों ने बताया कि घटना की सूचना विद्युत विभाग को दी गई तो विभागीय अधिकारियों ने यह कहते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि संबंधित विद्युत पोल नगर पालिका का है और इसका विद्युत विभाग से कोई संबंध नहीं है।
घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने मृत गोवंश को केसरिया वस्त्र ओढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और उसके बाद विद्युत कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सभासद और स्थानीय लोगों ने भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।
बाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि “शहर को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। किसी तकनीकी त्रुटि या भ्रम के कारण यह दुखद घटना हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर में करंट प्रवाहित होने वाले विद्युत पोलों की तत्काल जांच कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी व्यक्ति या बेजुबान पशु की जान खतरे में न पड़े।